डेस्क : बीएमसी चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के खेमे में उत्साह चरम पर है। इसी जोश के साथ शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब अगला लक्ष्य पश्चिम बंगाल है। उन्होंने बीएमसी की जीत में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि देश का ‘जेन-जी’ भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा कर रहा है और यही भरोसा बंगाल में भी परिवर्तन लाएगा।
मालदा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। बंगाली भाषा में नारा देते हुए उन्होंने कहा— “एई सरकार पलानो डोरकर” (इस सरकार को बदलना होगा)। पीएम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने पश्चिम बंगाल के विकास को रोक दिया है और राज्य को भ्रष्टाचार व अराजकता की ओर धकेल दिया है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंगाल की जनता तक नहीं पहुंचने दे रही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास के लिए धन भेजती है, लेकिन तृणमूल के नेता उसे जनता तक पहुंचाने के बजाय लूट में लगे हैं। “बंगाल का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब तृणमूल की विदाई होगी और भाजपा सत्ता में आएगी,” पीएम मोदी ने कहा।
राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उल्लेख किया, जिसका उद्घाटन बंगाल की धरती से किया गया। उन्होंने कहा कि ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों में भाजपा सरकारें विकास को नई गति दे रही हैं और अब पश्चिम बंगाल को भी इसी राह पर आगे बढ़ना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल देश का इकलौता राज्य है, जहां यह योजना लागू नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार गरीबों को मुफ्त इलाज के अधिकार से वंचित कर रही है और यह एक “निर्मम” रवैया है, जिसे जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने ममता सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से होने वाली अवैध घुसपैठ पश्चिम बंगाल के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है, लेकिन तृणमूल सरकार इसे रोकने के बजाय संरक्षण दे रही है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को बसाने और मतदाता बनाने का एक संगठित खेल चल रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है और स्थानीय लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठ और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मालदा, मुर्शिदाबाद समेत कई इलाकों में बढ़ती हिंसा के लिए घुसपैठियों और सत्ताधारी दल के गठजोड़ को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की मालदा रैली को भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन का संदेश देने में जुटी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

