डेस्क : बीएमसी चुनाव परिणाम सामने आने के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, “यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक मराठी लोगों को वह सम्मान नहीं मिल जाता, जिसके वे हकदार हैं।” इस पोस्ट के साथ शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी साझा की गई है। पार्टी के इस बयान को चुनावी नतीजों के संदर्भ में देखा जा रहा है। इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे भी इसी तरह का बयान दे चुके हैं, जिसमें उन्होंने मराठी मानुस के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही थी। गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) को अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है।
भाइयों की एकजुटता भी नहीं दिखा पाई असर
227 सदस्यीय बृह्नमुंबई महानगरपालिका के चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) को 65 सीटों पर जीत मिली, जबकि मनसे केवल छह सीटों तक सीमित रह गई। बीएमसी चुनाव से पहले लंबे अंतराल के बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने राजनीतिक मंच पर एक-दूसरे का साथ दिया था। दोनों नेताओं ने मराठी अस्मिता के मुद्दे को केंद्र में रखते हुए खुद को उसका रक्षक बताया, लेकिन उनकी यह एकजुटता मतदाताओं को खासा प्रभावित करने में सफल नहीं रही। करीब 20 वर्षों बाद ठाकरे बंधुओं का यह गठबंधन सत्ता की राह आसान नहीं कर सका और चुनावी नतीजों में इसका अपेक्षित लाभ नहीं दिखा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

