डेस्क: अलवर जिले के नीमराणा के घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के लगभग 3 बजे Trans HCR एसी निर्माण कंपनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। रात के सन्नाटे में उठती ऊंची आग की लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के गांव और औद्योगिक इकाइयों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही नीमराणा, बहरोड़, घीलोठ और सोतानाला से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। फैक्ट्री में एसी निर्माण से जुड़े ज्वलनशील सामान, प्लास्टिक पार्ट्स, पैकिंग सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होने के कारण आग तेजी से फैलती रही।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा स्थापित किया। राहत की बात रही कि घटना देर रात हुई और फैक्ट्री में कामगार मौजूद नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग पर काबू पाने में चुनौती
शाहजहांपुर थाना अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में लगी आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि फैक्ट्री की छत तक धधक उठी और कई जगहों पर धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। प्रारंभिक आशंका है कि अंदर रखे गैस सिलेंडर, कंप्रेसर या केमिकल कंटेनर गर्मी के कारण फट गए होंगे, जिससे आग और भड़क गई। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है, लेकिन पांच घंटे बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई। फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का माल और मशीनरी नष्ट हो गई है, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और तकनीकी टीम को बुलाकर शॉर्ट सर्किट, मशीनरी में खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसी सभी संभावनाओं की पड़ताल कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की बड़ी आग की घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। मौके पर दमकल और पुलिस की टीमें तैनात हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

