पटना:लोकनायक जयप्रकाश नारायण को लेकर बिहार में सियासत चरम पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार किया है। सीएम नीतीश ने कहा कि अमित शाह की राजनीति 20 साल की ही है, वो जेपी के बारे में जानते ही क्या हैं? बीजेपी के लोगों का जयप्रकाश नारायण से कोई रिश्ता नहीं रहा। इससे पहले शाह ने सिताब दियारा में नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोग जेपी की बताई राह से भटक गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को दिवंगत राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वे पटना में लोहिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि करने पहुंचे। उन्हें नमन करने के बाद नीतीश ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान पत्रकारों ने अमित शाह द्वारा एक दिन पहले जेपी जयंती पर नीतीश कुमार को लेकर दिए गए बयानों के बारे में सवाल किया।
‘बीजेपी का जेपी से कोई रिश्ता नहीं’
सीएम नीतीश ने पत्रकारों को जवाब दिया कि जिन लोगों का आप नाम ले रहे हैं, उनको जेपी से कोई मतलब था क्या? इनकी राजनीति शुरू हुए 20 साल ही हुए हैं। इनका जेपी से क्या ही मतलब है। जेपी के बारे में इन लोगों को क्या आइडिया है। लोकनायक की इन्हें क्या जानकारी है। इन्हें मौका मिल गया है तो कुछ भी बोल रहे हैं। बीजेपी के लोगों का जयप्रकाश नारायण से कोई रिश्ता नहीं रहा। अब जो उन्हें बोलना है बोलते रहें।
जेपी की राह पर चलने वाले सिद्धांतविहीन हो गए : शाह
अमित शाह मंगलवार को जेपी जयंती पर उनके पैतृक गांव सारण जिले के सिताब दियारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार पर जमकर प्रहार किए। शाह ने कहा कि लोकनायक जय प्रकाश नारायण के मार्ग से भटकने वालों को जनता सत्ता से बेदखल करे। कहा कि जेपी ने संपूर्ण क्रांति की बात कही पर जो आजीवन जेपी का नाम लेते रहे, वे सत्ता के लिए सिद्धांतविहीन हो गये हैं। यह जेपी का मार्ग नहीं है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
