मुंबई:देश की एक और क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 उड़ान सेवाएं शुरू करने वाली है। एयरलाइन ने कहा है कि वह 18 मार्च से कॉमर्शियल सर्विसेज शुरू करेगी। इसमें गोवा को बेंगलुरु और हैदराबाद से जोड़ने वाली उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा एयरलाइन बेंगलुरु और हैदराबाद से सिंधुदुर्ग के लिए उड़ानें भी संचालित करेगी। आपको बता दें कि एयरलाइन को छह मार्च को विमानन नियामक डीजीसीए ने लाइसेंस दिया था।
क्या कहा कंपनी के सीईओ ने
FLY91 के प्रबंध निदेशक और सीईओ मनोज चाको ने कहा कि एयरलाइन अप्रैल से लक्षद्वीप के लिए उड़ानें शुरू करने की योजना भी बना रही है। मनोज चाको ने मोपा एयरपोर्ट पर कहा कि FLY91 के पास छह महीनों में कुल छह एटीआर 72-600 विमान होंगे। फिलहाल इसके बेड़े में दो विमान हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में FLY91 की योजना लगभग 35 विमानों को बेड़े में शामिल करने और 50 शहरों को जोड़ने की है। जस्ट उड़ो एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित एयरलाइन टियर-2 और टियर-3 शहरों में हवाई संपर्क बढ़ाना चाहती है।
क्या कहा केंद्रीय मंत्री
इस मौके पर एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा-पहले हमारे देश में एयरलाइंस का बंद होना और दिवालिया होना खबर हुआ करती थी। पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इस उद्योग में एक नई सुबह लेकर आया। इसके बाद 6 नई क्षेत्रीय एयरलाइनों की शुरुआत हुई। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने उड़े देश का आम नागरिक (UDAN) योजना के माध्यम से टियर 2 और टियर 3 शहरों को जोड़ने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कंपनी ने कहा कि विमानन उद्योग अपने घरेलू यातायात को 30 करोड़ तक बढ़ाने की उम्मीद कर रहा है। फ्लाई91 के चेयरमैन हर्ष राघवन ने कहा-आज का दिन ऐतिहासिक है। प्रति दिन कई उड़ानें शुरू करने की उम्मीद के साथ फ्लाई91 ने आज पहली बार उड़ान भरी। हमारा लक्ष्य देश के सभी हवाई अड्डों को जोड़ना है। हालांकि, 18 मार्च से कॉमर्शियल उड़ान सेवाएं शुरू होंगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
