डेस्क : अभिनेता अनुपम खेर ने राम मंदिर से जुड़ी अपनी हालिया टिप्पणी पर हो रही ट्रोलिंग और अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के पुराने ‘जोकर’ वाले बयान पर पहली बार विस्तार से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर छह साल पुराने वीडियो को फिर से वायरल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच अब किसी तरह का विवाद नहीं है।
अनुपम खेर ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर दिए गए उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने उन्हें निशाना बनाने के लिए पुराने वीडियो और बयानों को दोबारा सामने लाया। उन्होंने कहा कि वह अपने विचार बेबाकी से रखते हैं और आलोचना से घबराने वाले नहीं हैं।
नसीरुद्दीन शाह द्वारा वर्ष 2020 में दिए गए उस बयान का जिक्र करते हुए, जिसमें उन्होंने अनुपम खेर को ‘जोकर’ कहा था, अभिनेता ने स्पष्ट किया कि वह मामला अब अतीत की बात है। उन्होंने बताया कि दोनों कलाकार बाद में मिल चुके हैं, एक-दूसरे को गले लगा चुके हैं और उनके बीच आपसी सम्मान कायम है। ऐसे में पुराने विवाद को दोबारा उछालने का कोई औचित्य नहीं है।
अनुपम खेर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में जो भी हासिल किया है, वह अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी की आलोचना या ट्रोलिंग से डर नहीं लगता और वह भविष्य में भी अपनी बात खुलकर कहते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सच बोलने वाले को अपने शब्द याद रखने की जरूरत नहीं पड़ती।
गौरतलब है कि हाल ही में राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले पर अनुपम खेर की टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थी। इसके बाद नसीरुद्दीन शाह का वर्षों पुराना वीडियो फिर से वायरल होने लगा, जिस पर अब अभिनेता ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत