स्पोर्ट्स डेस्क: बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से फिलहाल इनकार कर दिया है। गुरुवार को नेशनल टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन भारत में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं बनी हुई हैं।
इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने साफ किया कि बोर्ड इस मुद्दे पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि ICC से एक बार फिर आग्रह किया जाएगा कि वह बांग्लादेश की सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर गंभीरता से विचार करे। बुलबुल ने यह भी कहा कि हालिया ICC बोर्ड मीटिंग में लिए गए कुछ फैसले चौंकाने वाले रहे, लेकिन BCB बातचीत का रास्ता बंद नहीं करेगा।
दरअसल, 21 जनवरी को ICC ने BCB को भारत में वर्ल्ड कप खेलने पर अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन का समय दिया था। ICC बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को खारिज कर दिया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने का प्रस्ताव रखा था, जिसे मंजूरी नहीं मिली।
स्कॉटलैंड को मिल सकता है मौका
अगर बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप से हटता है, तो स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किए जाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को मौका दिया जा सकता है, जैसा कि 2009 में जिम्बाब्वे के हटने के बाद किया गया था।
वर्ल्ड कप से हटने पर बांग्लादेश को संभावित नुकसान
ICC रैंकिंग पर असर
वर्ल्ड कप से बाहर रहने पर बांग्लादेश को टी-20 ICC रैंकिंग में नुकसान होगा। अन्य टीमें रैंकिंग पॉइंट्स हासिल करेंगी, जबकि बांग्लादेश और उसके खिलाड़ियों की रैंकिंग प्रभावित हो सकती है।
भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में खटास
इस फैसले से भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में तनाव आ सकता है। आशंका जताई जा रही है कि भविष्य में भारतीय टीम बांग्लादेश के दौरे से इनकार कर सकती है, जैसा कि भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज के मामले में होता है।
IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर खतरा
वर्ल्ड कप से हटने के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर असर पड़ सकता है। माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) बांग्लादेशी खिलाड़ियों को IPL से दूर रखने का फैसला कर सकता है, जैसा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ किया गया है।
BCB को वित्तीय नुकसान
टूर्नामेंट से हटने पर BCB को ICC से मिलने वाली करीब 5 लाख अमेरिकी डॉलर की भागीदारी राशि नहीं मिलेगी। इसके अलावा खिलाड़ियों को मैच फीस, इनामी राशि और प्रदर्शन आधारित भुगतान से भी वंचित होना पड़ेगा।
खिलाड़ियों का विरोध झेलना पड़ सकता है
इस मुद्दे पर BCB को अपने ही खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। पूर्व कप्तान तमीम इकबाल पहले ही कह चुके हैं कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच को लेकर फैसला बेहद सोच-समझकर लिया जाना चाहिए, क्योंकि इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा।
क्रिकेट जगत में अलग-थलग पड़ने का खतरा
टी-20 वर्ल्ड कप से हटने की स्थिति में बांग्लादेश क्रिकेट विश्व में अलग-थलग पड़ सकता है। BCCI के वैश्विक क्रिकेट में मजबूत प्रभाव का असर हालिया ICC बैठक में भी दिखा, जहां वेन्यू बदलने के प्रस्ताव पर बांग्लादेश को सिर्फ दो वोट मिले, जबकि भारत के पक्ष में 14 वोट पड़े।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

