डेस्क : महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने निर्णायक जीत दर्ज की है। खास तौर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भाजपा के मजबूत प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के तंज पर सख्त राजनीतिक जवाब दिया है।
बीएमसी के नतीजों के बाद कर्नाटक के बेंगलुरु सेंट्रल से भाजपा सांसद पी.सी. मोहन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कुछ रसमलाई ऑर्डर की हैं।” इसे राज ठाकरे के उस बयान पर सीधा राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई पर तंज कसा था।
भाजपा के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी बीएमसी में मिली जीत को “रसमलाई जैसी मीठी जीत” बताते हुए राज ठाकरे पर परोक्ष निशाना साधा। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “ट्रिपल इंजन सरकार” मुंबई के पुनर्विकास के लिए मजबूती से काम करेगी और मुंबईकरों के जीवन की सुगमता में सुधार लाएगी।
गौरतलब है कि यह पूरा राजनीतिक विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब एक रैली के दौरान अन्नामलाई ने मुंबई को सिर्फ महाराष्ट्र का ही नहीं, बल्कि एक वैश्विक शहर बताया था। इस बयान को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद राज ठाकरे ने अन्नामलाई को ‘रसमलाई’ कहकर संबोधित करते हुए निजी हमले किए थे।
जहां अन्नामलाई ने किया प्रचार, वहां भाजपा को जीत
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई बीएमसी चुनाव के दौरान प्रचार के लिए मुंबई आए थे। जिन इलाकों में उन्होंने प्रचार किया, वहां भाजपा को सफलता मिली है। वार्ड नंबर 47 से भाजपा उम्मीदवार तेजिंदर सिंह तिवाना और वार्ड नंबर 35 से योगेश वर्मा ने जीत दर्ज की है।
चुनाव जीतने के बाद भाजपा युवा मोर्चा मुंबई के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने रसमलाई के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा, “मुंबई में काम की जीत हुई है, शोर की नहीं। धन्यवाद, मुंबई।”
भाजपा ने इन नतीजों को विकास और सुशासन के एजेंडे के समर्थन के रूप में पेश किया है और इसे विपक्ष के राजनीतिक तंज का करारा जवाब बताया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

