बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि 34 वर्षीय शार्मिला डीके की हत्या एक 18 वर्षीय युवक ने की, जब महिला ने उसके कथित यौन प्रस्तावों का विरोध किया।
शार्मिला डीके का शव 3 जनवरी को राममूर्ति नगर के सुब्रमण्य लेआउट स्थित उनके किराए के मकान से बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि अपार्टमेंट में आग लगने के बाद दम घुटने से उनकी मौत हुई। शार्मिला एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी एक्सेंचर (Accenture) में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं।
शव मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194(3)(iv) के तहत अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक साक्ष्यों, तकनीकी इनपुट और वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर टिकी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर्नाल कुरई के रूप में हुई है, जो मृतका के मकान के पास ही रहता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 3 जनवरी की रात करीब 9 बजे आरोपी स्लाइडिंग खिड़की के रास्ते शार्मिला के घर में घुसा और उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। जब शार्मिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर उनका मुंह और नाक दबा दी, जिससे वह अर्ध-बेहोशी की हालत में चली गईं। इस दौरान हुए संघर्ष में उन्हें गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।
पुलिस का कहना है कि अपराध के बाद सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी ने पीड़िता के कपड़े और अन्य आपत्तिजनक सामग्री को बेडरूम के गद्दे पर रखकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। जाते समय वह शार्मिला का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया।
आरोपी के कथित इकबालिया बयान और अन्य ठोस सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 64(2), 66 और 238 (सबूत नष्ट करना) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
