स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव ने पाकिस्तान द्वारा आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के निर्णय पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कपिल देव ने कहा कि यह कदम पाकिस्तान के क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के हितों के खिलाफ है और देश की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
कपिल देव ने एक इंटरव्यू में कहा, “अगर यह फैसला खिलाड़ियों की इच्छा से लिया गया होता, तो कुछ कहा जा सकता था। लेकिन जब बोर्ड या सरकार इस तरह का निर्णय लेती है, तो इससे पीढ़ी को नुकसान होता है और खेल की प्रतिष्ठा गिरती है। यह अपने ही खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी है।” उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के फैसले से युवा प्रतिभाओं का मनोबल टूटता है और भविष्य में उन्हें खेल में आगे बढ़ने में कठिनाई होगी।
पूर्व ऑलराउंडर ने स्पष्ट किया कि फैंस और दर्शक भावनात्मक रूप से प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन दीर्घकाल में यह घटना क्रिकेट इतिहास में केवल एक विवाद के रूप में याद रहेगी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भी पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में सभी टीमों का निर्धारित शेड्यूल के अनुसार खेलना अनिवार्य है। ICC ने कहा कि चुनिंदा मैचों का बहिष्कार खेल की बुनियादी नियमों और प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों के खिलाफ है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और सरकार ने पहले घोषणा की थी कि टीम टूर्नामेंट में भाग लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में नहीं उतरेगी। इस निर्णय ने क्रिकेट जगत में नई बहस शुरू कर दी है कि क्या राजनीति खेल को प्रभावित कर रही है और इसका असर दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर कैसे पड़ेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

