डेस्क : देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हावड़ा–गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक, पूरी तरह वातानुकूलित 16 कोच वाली ट्रेन है, जिसमें कुल 823 यात्रियों के सफर की क्षमता है।
यह ट्रेन करीब 958 से 968 किलोमीटर की दूरी महज 14 घंटे में तय करेगी, जो मौजूदा ट्रेनों की तुलना में लगभग 2.5 से 3 घंटे कम है। ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है। इसमें आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम, ऑटोमैटिक दरवाजे, आरामदायक बर्थ और यात्रा के दौरान क्षेत्रीय व्यंजनों (बंगाली और असमिया) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।
रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी नई गति देगी।
संभावित किराया संरचना
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 1 जनवरी को हावड़ा–गुवाहाटी रूट के लिए एसी-1, एसी-2 और एसी-3 श्रेणियों के संभावित किरायों की घोषणा की थी। रेलवे बोर्ड के अनुसार, इस ट्रेन में आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट की कोई व्यवस्था नहीं होगी।
न्यूनतम 400 किलोमीटर की दूरी के लिए तय किराया इस प्रकार होगा—
- एसी-1: 1,520 रुपये
- एसी-2: 1,240 रुपये
- एसी-3: 960 रुपये
यात्रा की दूरी चाहे 1 किलोमीटर हो या 400 किलोमीटर, न्यूनतम किराया समान रहेगा। वहीं, 400 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए प्रति किलोमीटर के हिसाब से शुल्क लिया जाएगा—
- एसी-1: 3.20 रुपये प्रति किमी
- एसी-2: 3.10 रुपये प्रति किमी
- एसी-3: 2.40 रुपये प्रति किमी
आरक्षण से जुड़े नियम
रेलवे बोर्ड के सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि इस ट्रेन के लिए केवल कन्फर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे। RAC, प्रतीक्षा सूची या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट का कोई प्रावधान नहीं होगा। लागू होने पर जीएसटी अलग से जोड़ा जाएगा और किराया मौजूदा नियमों के तहत राउंड ऑफ किया जाएगा।
आरक्षण कोटे के तहत केवल महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और ड्यूटी पास से जुड़े प्रावधान ही लागू होंगे। इसके अलावा किसी अन्य प्रकार का आरक्षण कोटा इस ट्रेन में मान्य नहीं होगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

