डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब बिहार तक पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बक्सर जिले में छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। मामले को लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से बक्सर के एक इलाके में दबिश देकर विशाल श्रीवास्तव नामक युवक को पकड़ा। जांच एजेंसियों को आशंका है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के पीछे पेशेवर अपराधियों का नेटवर्क सक्रिय था और इसकी साजिश कई राज्यों में फैली हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और संदिग्ध संपर्कों के आधार पर बिहार कनेक्शन सामने आया। इसके बाद बंगाल एसटीएफ ने बक्सर पहुंचकर कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए युवक से हत्या की साजिश, शूटरों और आर्थिक लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि 6 मई की रात पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने कथित तौर पर फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन का इस्तेमाल किया था। घटना में रथ के चालक को भी गंभीर चोटें आई थीं।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है, जबकि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
