बरेली : बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार इलाके में कथित रूप से “पाकिस्तान जिंदाबाद” और अन्य देश विरोधी नारे लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीस कमेटी के एक सदस्य सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को कुछ युवक क्रिकेट खेलकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लगभग 15 से 16 युवकों का एक समूह आठ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर इलाके से गुजरा। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने नारेबाजी की और कथित रूप से देश विरोधी नारे लगाए। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो, स्थानीय लोगों की शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में इमरान और कासिफ शामिल हैं। कासिफ के बारे में यह भी जानकारी सामने आई है कि वह स्थानीय पीस कमेटी का सदस्य है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
