डेस्क : विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को ब्रुसेल्स दौरे की शुरुआत यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश एवं सुरक्षा नीति की उच्च प्रतिनिधि तथा यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कैलास से मुलाकात के साथ की। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, समुद्री सुरक्षा तथा भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सुरक्षित और निर्बाध समुद्री व्यापार सुनिश्चित करने तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को अधिक मजबूत और लचीला बनाने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
काजा कैलास ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों के लिए यह वर्ष ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों पक्षों के बीच सहयोग लगातार गहरा हो रहा है। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यूरोपीय संघ के ऑपरेशन अटलांटा और एएसपीआईडीईएस तथा भारतीय नौसेना के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इसके बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय के. सूद के साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा इस वर्ष आयोजित भारत-ईयू शिखर सम्मेलन के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ब्रुसेल्स प्रवास के दौरान डॉ. जयशंकर ने फ्लैंडर्स के मंत्री-राष्ट्रपति मथियास डीपेंडेले और मंत्री एनिक डी रिडर से भी मुलाकात की। बैठक में फ्लैंडर्स क्षेत्र से भारत में निवेश और व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल 14 से 15 जुलाई तक ब्रुसेल्स में आयोजित तीसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (India-EU Trade and Technology Council-TTC) की बैठक में भाग लेने के साथ यूरोपीय संघ और बेल्जियम के वरिष्ठ नेताओं के साथ विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा ले रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत