नई दिल्ली:दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर इलाके में शादी के दौरान एक युवक ने हर्ष फायरिंग में गोली चला दी जोकि उसकी ही मां के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना गत गुरुवार की है। वहीं, गोली चलाने के बाद से बेटा फरार है। महरौली थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग देखकर यह पता करने का प्रयास कर रही है कि युवक द्वारा चलाई गई गोली कैसे उसकी मां को लगी। इसके अलावा शादी में शामिल लोगों से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बहादुरगढ़ निवासी हिमांशु की छतरपुर मंदिर में शादी थी। इसमें गुरुग्राम निवासी हिमांशु की ताई सुषमा (55) भी आई थीं। वह कुर्सी पर बैठी थीं कि तभी उनके बेटे पीयूष की पिस्तौल से चली गोली मां को लगी।
बहरहाल आनन-फानन में महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला बेहोशी की हालत में है। इस कारण उसका बयान नहीं लिया जा सका है। पुलिस का कहना है कि लोगों से पूछताछ करने और शादी समारोह की वीडियो फुटेज की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि यह गोली गलती से चली या फिर हर्ष फायरिंग के लिए चलाई गई थी।
उधर शादी समारोह में चली गोली की इस घटना के बाद से ही पीयूष फरार है। मामले की जांच में जुटी पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी ने पिस्तौल क्यों अपने पास रखी थी। उसकी पिस्तौल लाइसेंसी है या नहीं। वह क्या हमेशा अपने साथ पिस्तौल रखता है या फिर शादी में हर्ष फायरिंग के लिए उसने पिस्तौल रखी थी। बहरहाल पुलिस ने इस संबंध में हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपी पीयूष की तलााश में पुलिस दिल्ली उसके संभावित ठिकानों पर हरियाणा में दबिश दे रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

