डेस्क: धर्मनगरी चित्रकूट के बरगढ़ कस्बे में एक 13 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है। मामला सामने आने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। घटना से पूरे कस्बे में तनाव व्याप्त है और व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
कोचिंग से लौटते समय अपहरण
बरगढ़ के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी चिंटू केशरवानी के बेटे आयुष गुरुवार शाम को कोचिंग से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपनी दुकान के सामने पहुँचा, अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया। देर तक घर न पहुँचने पर परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। इसी बीच अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से फिरौती की मांग की, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पड़ोसी ही निकला कातिल, शव शौचालय में छिपाया गया
पुलिस ने पड़ोस के ही एक दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मासूम की हत्या उसी ने की थी, क्योंकि उसे पकड़े जाने का डर था और फिरौती नहीं मिलने पर उसने बेरहमी दिखाई। शुक्रवार रात पुलिस ने मासूम आयुष का शव एक शौचालय से बरामद किया।
पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी ढेर, दूसरा घायल
मासूम की हत्या की खबर के तुरंत बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की खोज शुरू की। बरगढ़ थाना और एसओजी की टीम द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया, जबकि एक अन्य आरोपी घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ।
व्यापारी उग्र, हाईवे पर जाम
शुक्रवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही व्यापारी आक्रोशित हो उठे। उन्होंने दुकानें बंद कर बरगढ़ मोड़ पर हाईवे जाम कर दिया और मासूम का शव जाम स्थल पर रखा। व्यापारी और परिजन मांग कर रहे हैं कि इस साजिश में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
भारी पुलिस बल तैनात, डीआईजी ने संभाली कमान
चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी राजेश एस, एसपी अरुण कुमार सिंह और एएसपी सत्यपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और न्याय सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। फिलहाल बरगढ़ में तनावपूर्ण स्थिति है, लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

