जयपुर :राजधानी जयपुर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रेम बस्ती में रिश्ते में देवर लगने वाले युवक ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी विधवा भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमले में महिला को 5–6 गंभीर वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना शाम करीब 7.30 बजे की है। मृतका की पहचान पूनम धानका (32) के रूप में हुई है, जो नेहरू नगर स्थित प्रेम बस्ती की निवासी थी। सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।
काम से लौटते समय हमला
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार, पूनम के पति का 4–5 साल पहले निधन हो चुका था। वह अपने दो नाबालिग बेटों—12 और 9 वर्ष—के साथ ससुराल में रहकर जीवनयापन कर रही थी। आर्थिक तंगी के चलते वह आसपास के घरों में खाना बनाने और साफ-सफाई का काम करती थी।
गुरुवार शाम वह रोज की तरह काम से घर लौट रही थी। घर से लगभग 100 मीटर पहले शिव मंदिर के पास उसकी मुलाकात रिश्ते में देवर लगने वाले अनिल से हुई। किसी बात को लेकर हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और अनिल ने चाकू से पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में हंगामा, विधायक पहुंचे
महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया, जिसे देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त जाब्ता तैनात करना पड़ा। सूचना पर क्षेत्रीय विधायक गोपाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शादी का दबाव बना हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिल मृतका के चाचा ससुर का बेटा है और वीकेआई क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता है। वह पूनम पर शादी का दबाव बना रहा था, जिसे महिला ने बार-बार ठुकरा दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी में अनिल ने हत्या की साजिश रची और चाकू लेकर हमला किया।
भागने की कोशिश, एक घंटे में गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और रेलवे स्टेशन की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

