डेस्क : उत्तर भारत में सर्दी की विदाई के साथ मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है और उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश में वर्षा के आसार हैं।
हिंद महासागर में बना चक्रवात ‘होरासियो’ करीब 260 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। यद्यपि इसके भारत के किसी तट से टकराने की संभावना नहीं है, फिर भी इसका प्रभाव भारतीय उपमहाद्वीप के मौसम पर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में अलर्ट जारी किया है।
देशभर में इस समय मौसम के अलग-अलग रंग नजर आ रहे हैं। पंजाब और हरियाणा में एक बार फिर कोहरे की वापसी हो रही है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दृश्य देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार में दिन के समय तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
यहां हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और समुद्र में बने कम दबाव के क्षेत्र का संयुक्त प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके चलते अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मेघालय में बारिश की संभावना है। वहीं कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
राजधानी दिल्ली में तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 26 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शाम सात बजे वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले ‘खराब’ श्रेणी में था। फिलहाल दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। दिन में तेज धूप रहेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है। दो से चार मार्च के बीच उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल
बिहार में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पंजाब और हरियाणा में सुबह कोहरा छाने की संभावना है, लेकिन दिन में तेज धूप रहेगी। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

