आगरा : होली के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आगरा के सिटी जोन को छह जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। कमिश्नरेट के सिटी, पश्चिमी और पूर्वी जोन में कुल 3162 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जहां पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
रंगों की होली के दिन मुख्य मार्गों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फर्जी सूचना न दें। गलत सूचना देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने गुरुवार को डीसीपी और एसीपी के साथ ऑनलाइन बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति दिखनी चाहिए और यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। सड़कों पर बड़े स्पीकर लगाकर मार्ग अवरुद्ध करने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी विवाद की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने वाहन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण—डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और टियर गैस—रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी जोन के डीसीपी कार्यालय में अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। पूर्व में विवादित रहे स्थानों का अग्रिम निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित तनाव को पहले ही समाप्त किया जा सके।
फर्जी कॉल पर कड़ी नजर
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि वर्ष 2025 की होली पर सिटी जोन में मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हुए थे और एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी, जबकि करीब एक दर्जन युवक घायल हुए थे। उस दौरान डायल 112 पर प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कराने पर 196 कॉल फर्जी पाई गई थीं। 61 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया था। इस वर्ष फर्जी सूचना देने वालों की पहचान सर्विलांस के माध्यम से कर उनके सिम कार्ड ब्लॉक कराए जाएंगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भीड़भाड़ वाले स्थान चिन्हित
सिटी जोन में 1136, पश्चिमी जोन में 1065 और पूर्वी जोन में 961 स्थानों पर होलिका दहन होगा। भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थलों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
होली पर दोपहर बाद चलेगी मेट्रो
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने होली के अवसर पर मेट्रो संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया है। संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्रा के अनुसार चार मार्च को आगरा मेट्रो सेवाएं दोपहर 2:30 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होंगी। इस दौरान मेट्रो ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन के बीच चलेगी। अगले दिन से मेट्रो का संचालन सामान्य समयानुसार पूर्ववत हो जाएगा।
त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग, संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

