नई दिल्ली:दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में माहौल बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। बताया जाता है कि दिल्ली के नांगलोई इलाके में स्थित किराड़ी चौक पर रविवार शाम को भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवी तत्वों ने एकबार फिर पथराव कर दिया। हालांकि शनिवार की घटना के बाद से ही इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती किए जाने के चलते उपद्रवी अपनी नापाक इरादों को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके। उपद्रवियों की इस हरकत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इलाके में पहले से तैनात अर्धसैनिक बल की एक कम्पनी टुकड़ी ने हालात पर तत्काल काबू कर लिया। शनिवार की हिंसा के विरोध में कुछ धार्मिक संगठनों ने नांगलोई थाने के सामने प्रदर्शन किया। वे लोग अभी तक हिंसा के जिम्मेदार और इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं किए जाने को लेकर नाराज थे। हालांकि ज्ञापन देने के बाद भीड़ तितर बितर हो गई थी। लेकिन इसमें से एक हिस्सा किराड़ी चौक की तरफ चला गया।
बताया जा रहा है कि इसी भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। डीसीपी हरेंद्र सिंह ने बताया कि स्थिति बिगड़ने से पहले ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों ने सभी को खदेड़ दिया। इस पथराव में किसी को चोट या नुकसान नहीं पहुंचा है।
इस बीच दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नांगलोई में मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा की घटना को लेकर तीन मामले दर्ज किए गए हैं। नांगलोई थानाध्यक्ष प्रभु दयाल की शिकायत पर नांगलोई पुलिस थाने में पहली प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरी FIR नांगलोई चौक पर हुई एक घटना के संबंध में नांगलोई पुलिस थाने के निरीक्षक (कानून-व्यवस्था) नानग राम की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। तीसरी एफआईआर नांगलोई में मेट्रो स्टेशन के निकट हुई घटना के संबंध में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

