नई दिल्ली: रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक अहम बदलाव किया गया है। अब 5 किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर (छोटू गैस) की होम डिलीवरी लेने पर ग्राहकों को प्रति रिफिल ₹25 अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
इंडियन ऑयल (इंडेन) की व्यवस्था के अनुसार यह शुल्क उन उपभोक्ताओं से लिया जाएगा, जो पॉइंट ऑफ सेल्स या अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से सिलेंडर की होम डिलीवरी का विकल्प चुनते हैं।
यह नियम मुख्य रूप से 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर उपयोगकर्ताओं पर लागू होगा। यह सिलेंडर इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटर, इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट तथा चुनिंदा किराना स्टोर और सुपरमार्केट के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है।
कंपनी की व्यवस्था के अनुसार छोटे सिलेंडर की आपूर्ति और अंतिम डिलीवरी प्रक्रिया को देखते हुए यह शुल्क लागू किया गया है। होम डिलीवरी की सुविधा लेने पर उपभोक्ताओं को प्रति रिफिल ₹25 अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
हाल ही में 1 जून को 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत में भी ₹11 की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद इसकी कीमत बढ़कर ₹821.50 हो गई है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी संशोधन किया गया है।
हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन छोटे और कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों एवं नियमों में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं।
इंडियन ऑयल के अनुसार छोटा सिलेंडर उन उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराया गया है जो अक्सर किराए पर रहते हैं या जिनके पास स्थायी आवासीय प्रमाण नहीं होता। इसे देशभर में अधिकृत वितरण केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत