डेस्क:जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर चिराग पासवान पर निशाना साधा है। उन्होंने लोजपा नेता चिराग पासवान के बिहार में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर दिए बयान पर तंज किया। कहा कि अगर उन्हें इतनी ही चिंता है तो एनडीए छोड़ कर सरकार से अलग हो जाएं और बिहार की जनता की आवाज बनें। शनिवार को चिराग पासवान ने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को कमजोर बताते हुए नीतीश सरकार के कामकाज की आलोचना की थी।
प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान के बयान पर कहा कि जो भी बिहार की चिंता करता है, वो बढ़ते अपराध-भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं कर सकता है। यह जनता का दबाव है कि एनडीए के सहयोगी दलों को भी आवाज उठाना पड़ रहा है। चिराग पासवान को अगर लगता है कि बिहार की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है तो उन्हें एनडीए सरकार से अलग हो जाना चाहिए। बिहार की जनता की आवाज बनना चाहिए। बिहार की जनता की लड़ाई लड़नी चाहिए। यह सही नहीं है कि एनडीए में रहें भी और उसकी शिकायत भी करें।
इससे पहले सूर्यगढ़ा बाजार के पब्लिक हाई स्कूल मैदान में हुई जनसभा में प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट कीजिए। इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद सूर्यगढ़ा के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा। लखीसराय के ही नहीं, बिहार भर के ऐसे 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर उन्हें यहीं 10-12 हजार रुपये का रोजगार दे दिया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की कि उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें। चाहे लालू हों, नीतीश हों या मोदी हों, इस बार नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें। इस बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

