डेस्क :पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े कुख्यात अपराधी सुनील कुमार (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार नकाबपोश हमलावर ने जनरल स्टोर के बाहर खड़े सुनील कुमार के सिर में आठ गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात उफड़पूरा, विकास विहार कॉलोनी में हुई।
मृतक सुनील कुमार मूल रूप से नौबतपुर थाना क्षेत्र के समनपुरा दरिया गांव निवासी शिव पूजन प्रसाद उर्फ मोहन यादव का पुत्र था। वह हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और वर्तमान में विकास विहार कॉलोनी में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था।
दुकान पर सिगरेट खरीदते समय बरसी गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील कुमार एक जनरल स्टोर पर सिगरेट और बिस्कुट खरीदने आया था। खरीदारी के बाद वह दुकान के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बाइक से एक युवक वहां पहुंचा, जिसका चेहरा रुमाल से ढका हुआ था। उसने भी सिगरेट मांगी। जैसे ही दुकानदार सिगरेट निकालने के लिए काउंटर के नीचे झुका, हमलावर ने सुनील पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन हमलावर ने इसके बाद भी उस पर गोलियां चलानी जारी रखीं और कुल आठ गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के वक्त दुकान के पास मौजूद एक बुजुर्ग जान बचाकर मौके से भाग निकले।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शहबाज, डीएसपी सुशील कुमार और पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
12 से अधिक आपराधिक मामलों में था नामजद
सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सुनील कुमार के खिलाफ नौबतपुर सहित पटना के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, हत्या और शराब तस्करी से जुड़े 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में नकाबपोश बाइक सवार अपराधी गोली चलाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
एम्स सिक्योरिटी इंचार्ज पर फायरिंग मामले में गया था जेल
पुलिस के अनुसार, खगौल में एम्स के एक सिक्योरिटी इंचार्ज पर गोली चलाने के मामले में सुनील कुमार जेल गया था। उसी केस में वह करीब एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश और बदले की भावना को हत्या का कारण मान रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
