डेस्क : गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक एसी सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। आग के दौरान लगातार हुए तेज धमाकों से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे में 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पूरी इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, पटेल नगर स्थित एक एसी सर्विस सेंटर में रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सर्विस सेंटर में रखे एसी गैस सिलेंडरों और कंप्रेसरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कई फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास की इमारतों तक इसके फैलने का खतरा पैदा हो गया था।
आग बुझने के बाद चलाए गए सर्च अभियान में ग्राउंड फ्लोर से 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ का शव बरामद किया गया। हादसे में परिसर में खड़ी दो कारें और करीब दस मोटरसाइकिलें भी जलकर राख हो गईं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि एसी गैस सिलेंडरों में विस्फोट के कारण आग तेजी से फैली। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
