स्पोर्ट्स डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खेलप्रेमी अंदाज मंगलवार को उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उन्होंने सिक्किम दौरे के दौरान युवाओं के साथ फुटबॉल खेला। गंगटोक की सुहावनी सुबह में आयोजित इस अनौपचारिक फुटबॉल सत्र की तस्वीरें और वीडियो प्रधानमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि युवाओं के साथ यह सत्र बेहद आनंददायक और ऊर्जा से भर देने वाला रहा। उन्होंने कहा, “गंगटोक की सुहावनी सुबह में सिक्किम के अपने युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलने का अलग ही आनंद है। इन युवाओं के साथ यह फुटबॉल सत्र सचमुच ऊर्जा देने वाला रहा।”
साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री युवाओं के साथ मैदान में सक्रिय नजर आए। उन्होंने वार्मअप सत्र में भी भाग लिया और बच्चों से फुटबॉल सीखने की बात कही। इसके बाद खेल के दौरान प्रधानमंत्री को गोल करते और खिलाड़ियों के साथ हाई-फाइव कर उत्साह बढ़ाते देखा गया।
50वें स्थापना दिवस समारोह में भी हुए शामिल
फुटबॉल सत्र के बाद प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में भी पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की स्वच्छता, प्राकृतिक सौंदर्य और लोगों की सौम्यता की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पूरे रास्ते भर सबसे अच्छी बात मुझे सिक्किम की सड़कों की स्वच्छता दिखाई दी। दूर-दूर तक कहीं गंदगी नहीं। वायु में भी स्वच्छता है और सड़कों पर भी स्वच्छता। सिक्किम के लोग प्रकृति के सच्चे संरक्षक हैं।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिक्किम में संपर्क सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बीते वर्षों में राज्य में सैकड़ों किलोमीटर राजमार्गों का निर्माण हुआ है तथा गांवों तक सड़क पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
स्वास्थ्य और खेलों पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष्मान योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए निःशुल्क उपचार सुविधा तथा जन औषधि केंद्रों का उल्लेख किया।
उन्होंने प्राकृतिक खेती के सिक्किम मॉडल को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि राज्य की जीवनशैली और संकल्प भारत के भविष्य के सपनों का हिस्सा बन चुके हैं।
खेल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम के युवाओं ने मैदान पर अपनी प्रतिभा सिद्ध की है। केंद्र सरकार खेलो इंडिया सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से देशभर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कार्य कर रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
