स्पोर्ट्स डेस्क:भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार से खेला जाएगा। दिल्ली में होने वाले टेस्ट मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने युवा साई सुदर्शन का खुलकर समर्थन किया जो उनके अनुसार ‘अब भी अपने खेल को समझने की कोशिश कर रहे हैं।’ गिल का रुख बुधवार को सहायक कोच रयान टेन डोएशे के रुख जैसा ही था। साई सुदर्शन ने अब तक सात पारियों में एक अर्धशतक सहित 147 रन बनाए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आपको युवा खिलाड़ियों को और मौके देने होंगे। वे अब भी अपने खेल को समझने की कोशिश कर रहे हैं। और हमारा मानना है कि आपको पहले किसी की क्षमता देखनी चाहिए और फिर उसके खेल को समग्र रूप से देखना चाहिए। ना कि किसी को सिर्फ एक, दो, तीन, चार मैचों से आंकना चाहिए।’’
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘एक बार जब आप किसी को पर्याप्त मैच, छह, सात, आठ मैच दे देते हैं तो आप आराम से बैठकर सोच सकते हैं कि उसे कहां सीखने की जरूरत है या उसे कुछ और घरेलू मैच खेलने चाहिए या इंडिया ए के कुछ और मैच खेलने चाहिए।’’ सुदर्शन पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन फिलहाल हमें लगता है कि वह हमारे लिए सही खिलाड़ी है और वह लंबे समय तक भारत के लिए तीसरे नंबर पर खेल सकता है।’’
पहले ही भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे 25 वर्षीय गिल 19 से 25 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाली तीन मैचों की सीरीज के साथ अपनी वनडे कप्तानी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम का कैलेंडर आने वाले समय में बहुत व्यस्त है। टेस्ट सीरीज समाप्त होने के तुरंत बाद भारतीय टीम दिल्ली से ही पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) के लिए रवाना हो जाएगी, जहां उन्हें तीन एकदिवसीय और पांच अंतरराष्ट्रीय टी20 खेलने है। इसके बाद भारतीय टीम को तुरंत ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। गिल की तीनों प्रारूपों में भूमिका का मतलब है कि उन्हें अब लगातार क्रिकेट खेलना है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
