डेस्क: पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार, 6 फरवरी को जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ। स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस विस्फोट में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 169 लोग घायल हुए हैं।
घटना शहर के शहजाद टाउन इलाके के तरलाई इमामबाड़े में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुँचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता ताकी जवाद ने कहा कि धमाके की प्रकृति का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीमों को जांच करनी होगी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स इसे आत्मघाती हमला बता रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों—पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल—में आपातकाल लागू कर दिया गया है। PIMS के प्रवक्ता ने बताया कि अस्पताल के आपातकालीन विभाग, ऑर्थोपेडिक विभाग, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं।
अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव इस्लामाबाद में दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। साथ ही, तीन महीने पहले ही राजधानी के G-11 इलाके में 11 नवंबर 2025 को एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हुई थी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
