स्पोर्ट्स डेस्क : सिकंदर रजा की अगुवाई में जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सुपर-8 चरण में जगह बना ली है। पल्लेकेले में आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप-बी मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे जिम्बाब्वे को एक अंक मिला और उसकी अगली दौर की टिकट पक्की हो गई।
मंगलवार को निर्धारित जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच में लगातार बारिश के कारण टॉस तक नहीं हो सका। मुकाबला रद्द होने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक साझा करना पड़ा। इस परिणाम के साथ जिम्बाब्वे तीन मैचों में पांच अंकों के साथ ग्रुप-बी से सुपर-8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई।
सह-मेजबान श्रीलंका पहले ही तीन मैचों में छह अंक जुटाकर अगले चरण में प्रवेश कर चुका है। वहीं आयरलैंड (चार मैचों में तीन अंक) और ऑस्ट्रेलिया (तीन मैचों में दो अंक) की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया 17 साल बाद ग्रुप चरण से बाहर
ऑस्ट्रेलिया को 17 वर्षों बाद टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण से बाहर होना पड़ा है। इससे पहले वह 2009 संस्करण में ग्रुप स्टेज से बाहर हुआ था। 2021 का टी20 विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया इस बार आयरलैंड की जीत पर निर्भर था, लेकिन बारिश ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने उसे आठ विकेट से पराजित किया, जबकि जिम्बाब्वे ने 23 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ रही। उसे अपना अंतिम ग्रुप मैच 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ खेलना है, हालांकि यह मुकाबला अब औपचारिकता भर रह गया है। चोटों से जूझती ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट में कमजोर नजर आई और पैट कमिंस तथा जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहे।
जिम्बाब्वे का शानदार प्रदर्शन
जिम्बाब्वे ने इस टूर्नामेंट में संतुलित और आक्रामक खेल दिखाया है। कोलंबो में खेले गए अपने पहले मैच में उसके तेज गेंदबाजों रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने तीन-तीन विकेट लेकर ओमान को 103 रन पर समेट दिया। इसके जवाब में ब्रायन बेनेट की 48 रनों की नाबाद पारी की बदौलत टीम ने 13.3 ओवर में आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की।
इसके बाद जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो विकेट पर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर कंगारू टीम को 146 रन पर रोक दिया। बेनेट ने एक बार फिर नाबाद 64 रन बनाकर बल्लेबाजी में चमक बिखेरी, जबकि मुजरबानी ने चार और इवांस ने तीन विकेट लेकर गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई।
अब जिम्बाब्वे अपना अंतिम ग्रुप मुकाबला 19 फरवरी को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। सुपर-8 में जगह पक्की करने के बाद टीम का आत्मविश्वास ऊंचाई पर है और वह अपने अभियान को और मजबूती देना चाहेगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
