डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को एक बड़ा बम धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह विस्फोट क्वेटा स्थित फ्रंटियर कोर (एफसी) मुख्यालय के प्रवेश द्वार के समीप रेलवे ट्रैक पर हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि एक ट्रेन की बोगी के परखच्चे उड़ गए और आसपास का क्षेत्र आग की लपटों से घिर गया।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल क्वेटा के सिविल अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे ट्रैक के निकट खड़े कई वाहनों में भी आग लग गई। घटनास्थल से उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। सुरक्षा बलों और राहत एजेंसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया।
धमाके के बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
बलूचिस्तान लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों और उग्रवादी हमलों से प्रभावित रहा है। क्वेटा में सुरक्षा प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है। ताजा धमाके ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
