नई दिल्ली:कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों की नई सूची जारी की है। इसमें 2 राज्यों से 2 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया गया है। इसके मुताबिक, अभय काशीनाथ पाटिल महाराष्ट्र के अकोला से ताल ठोकेंगे। कादियाम काव्या को तेलंगाना की वारंगल सीट से टिकट मिला है। काव्या तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (BRS) से विधायक व पूर्व मंत्री के श्रीहरि की बेटी हैं। श्रीहरि और उनकी बेटी रविवार को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। कांग्रेस नेताओं ने पहले भी श्रीहरि को पार्टी में शामिल होने के लिए न्योता दिया था।
श्रीहरि ने कहा था कि विभिन्न कारणों से लोग बीआरएस से दूर होते जा रहे हैं। काव्या ने पूर्ववर्ती चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और फोन टैपिंग के हालिया आरोपों का हवाला देते हुए पार्टी छोड़ने के अपने फैसले का ऐलान किया। बीआरएस ने भी काव्या को वारंगल सीट से उम्मीदवार बनाया था। माना जाता है कि वारंगल में काव्या की अच्छी-खासी लोकप्रियता है। उन्होंने कहा था कि आरोपों से पार्टी की प्रतिष्ठा कम हुई है। दूसरी ओर से, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) की महापौर विजय लक्ष्मी आर गडवाल शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं।
5 उम्मीदवारों की जारी हुई थी 9वीं सूची
कांग्रेस पार्टी ने बीते शुक्रवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों की अपनी नौवीं सूची जारी की थी। इसमें कर्नाटक के 3 और राजस्थान के 2 उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि उम्मीदवारों के नामों का चयन कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने किया है। राजस्थान के राजसमंद से कांग्रेस ने सुदर्शन रावत की जगह दामोदर गुर्जर को मैदान में उतारा है। इसके अलावा पार्टी ने भीलवाड़ा से दामोदर गुर्जर की जगह सीपी जोशी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने कर्नाटक से तीन उम्मीदवारों का चयन किया है, जिसमें बेल्लारी से ई थुकाराम, चामराजनगर से सुनील बोस और चिकबल्लापुर से रक्षा रमैया शामिल हैं। कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा की पांच, विधानसभा की 114 सीट पर उम्मीदवार तय किए।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
