मुंबई: मार्च के महीने में जीएसटी रेवेन्यू कलेक्शन में एक बार फिर जबरदस्त उछाल आया है। मार्च में कलेक्शन साल-दर-साल 11.5% की वृद्धि के साथ ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंच गया। वित्त मंत्रालय ने बताया कि घरेलू लेनदेन बढ़ने से मार्च में जीएसटी कलेक्शन बढ़ा है। यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन है। बता दें कि यह अबतक का दूसरा उच्चतम मासिक जीएसटी कलेक्शन है। अबतक का सर्वाधिक जीएसटी कलेक्शन अप्रैल, 2023 में 1.87 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था।
क्या कहा वित्त मंत्रालय ने
वित्त मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा- मार्च 2024 के लिए सकल जीएसटी राजस्व में सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1.78 लाख करोड़ रुपये का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन देखा गया। घरेलू लेनदेन में 17.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने से कर संग्रह में यह उछाल दर्ज किया गया। मार्च महीने में रिफंड के बाद नेट जीएसटी राजस्व 1.65 लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 18.4 प्रतिशत अधिक है।
कुल 20.14 लाख करोड़ का कलेक्शन
मार्च में कलेक्शन बढ़ने के साथ समूचे वित्त वर्ष 2023-24 में कुल जीएसटी कलेक्शन 20.14 लाख करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 11.7 प्रतिशत अधिक है। इस वित्त वर्ष में औसत मासिक जीएसटी कलेक्शन 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक था।
फरवरी 2024 में कितना कलेक्शन
बता दें कि फरवरी 2024 में जीएसटी राजस्व कलेक्शन 1,68,337 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2024 वित्त वर्ष 2023-24 में 10वां ऐसा महीना है जब जीएसटी कलेक्शन 1.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। मई 2023 और अगस्त 2023 में जीएसटी कलेक्शन 1.60 लाख करोड़ रुपये से कुछ कम रहा था। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल में यह सबसे अधिक 1,87,035 करोड़ रुपये रहा था।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
