नई दिल्ली : मालवीय नगर स्थित एक बीएंडबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट) में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत के मामले में दिल्ली सरकार ने सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को कहा कि यदि जांच में भवन मालिक की लापरवाही सामने आती है तो उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अवैध भवन या दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री सूद ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांचा जा रहा है कि संबंधित भवन के पास आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) था या नहीं तथा बीएंडबी के रूप में संचालन के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी या नहीं।
उन्होंने कहा, “जिस भवन मालिक की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उसे गिरफ्तार किया जाएगा। किसी भी अवैध निर्माण या नियमों का उल्लंघन करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा।”
इस बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन हादसे के कारणों और संभावित चूकों की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल परिसर में संचालित एक रेस्तरां में भीषण आग लगी थी, जिसमें अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के दौरान बचाव कार्य में शामिल स्थानीय निवासी वसीम राजा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वह और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि पास की एक गद्दे की दुकान से गद्दे लाकर सड़क पर बिछाए गए, ताकि इमारत से कूदकर जान बचाने की कोशिश कर रहे लोगों को सहारा मिल सके।
वसीम राजा ने बताया कि बाद में दिल्ली अग्निशमन सेवा और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों, दमकल कर्मियों और पुलिस ने मिलकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि इमारत के भीतर से कई विदेशी नागरिकों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान टूटे हुए कांच के कारण कई लोगों को चोटें भी आईं।
उल्लेखनीय है कि मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 21 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया गया। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत