डेस्क:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को बड़ी जीत मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला नहीं हो पाया है। शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री पद के लिए इशारों में अपना दावा पेश किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे पर गठबंधन के तीनों दल मिलकर निर्णय लेंगे।
शिंदे ने दिया ‘कॉमन मैन’ का संदेश
रविवार को अपने बयान में शिंदे ने कहा, “मैं लोगों का मुख्यमंत्री था… मैं सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि आम आदमी के तौर पर काम कर रहा था। मैंने लोगों की परेशानियों और दर्द को समझा और उन्हें दूर करने की कोशिश की। इसलिए, स्वाभाविक है कि लोग चाहते हैं कि मैं मुख्यमंत्री बनूं।”
इसी दिन शिंदे अपने पैतृक गांव दारे से ठाणे के लिए रवाना हुए थे। चर्चा थी कि वह सरकार गठन से जुड़े मामलों से असंतुष्ट थे। हालांकि, शिंदे ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह तेज बुखार के कारण आराम करने गांव आए थे।
पीएम मोदी और अमित शाह के फैसले को देंगे समर्थन
शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि शिवसेना, भाजपा के फैसले का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा करेंगे।
महायुति में नहीं है मतभेद
शिंदे ने कहा कि महायुति के सहयोगियों के बीच किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है। भाजपा ने अब तक अपने विधायक दल के नेता की घोषणा नहीं की है। शिंदे ने भरोसा दिलाया कि गठबंधन की नई सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
शिवसेना ने NCP पर साधा निशाना
शिवसेना विधायक गुलाबराव पाटिल ने कहा कि अगर अजित पवार की एनसीपी महायुति का हिस्सा नहीं होती, तो शिवसेना 90-100 सीटें जीत सकती थी। पाटिल ने कहा, “हमने केवल 85 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अजित पवार के बिना हम ज्यादा सीटें जीत सकते थे।”
भाजपा से ही होगा मुख्यमंत्री
सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस का नाम तय हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक दो या तीन दिसंबर को होने की संभावना है। शिंदे ने अपने बेटे श्रीकांत शिंदे को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने और गृह विभाग के लिए शिवसेना की मांग पर कहा कि बातचीत जारी है।
महायुति के नेता अब नई सरकार गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की ओर अग्रसर हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

