डेस्क: बिहार के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह को पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है। इसके बाद उनके जल्द ही जेल से रिहा होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद वह शुक्रवार या शनिवार तक बाहर आ सकते हैं।
यह मामला उस समय का है जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की मोकामा टाल क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अनंत सिंह को आरोपी बनाया गया था और वे तब से जेल में बंद थे।
गौरतलब है कि हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान मतदान के लिए जेल से बाहर आए अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में जल्द रिहाई का संकेत दिया था। अब अदालत से जमानत मिलने के बाद यह संभावना और प्रबल हो गई है।
अनंत सिंह को 1 नवंबर 2024 को उनके मोकामा स्थित आवास से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले 30 अक्टूबर को मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी, जिसका आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा था। उस समय तत्कालीन एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया था।
इस बीच, अनंत सिंह पहले ही आगामी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यह उनका अंतिम चुनाव है और भविष्य में उनके बेटे राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी वे विधानसभा सत्र के दौरान शपथ लेने के लिए जेल से बाहर आ चुके हैं। उस दौरान उन्होंने सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

