डेस्क। सोमवार को एलन मस्क ने वॉरेन बफेट की जीवनभर की कमाई (146 अरब डॉलर) से अधिक गंवाया था और मंगलवार को इनकी संपत्ति गौतम अडानी की कुल दौलत से अधिक कम हो गई। मस्क को मंगलवार को 118 अरब डॉलर का झटका लगा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक अब उनकी संपत्ति 957 अरब डॉलर रह गई है। जबकि, एशिया के रईस नंबर 1 की कुल दौलत ही 117 अरब डॉलर है।
एलन मस्क को अरबपति से खरबपति बनाने में स्पेसएक्स के IPO की बड़ी भूमिका थी। उनके पास SpaceX के लगभग 4.76 अरब शेयर हैं। मस्क की संपत्ति में यह विस्फोटक बढ़ोतरी SpaceX के 75 अरब डॉलर के ऐतिहासिक IPO के बाद हुई। कंपनी की वैल्यूएशन 2 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई, जिससे मस्क की नेटवर्थ में एक झटके में सैकड़ों अरब डॉलर जुड़ गए। एक समय मस्क का नेटवर्थ 1.27 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया था।
फिर भी दुनिया के दूसरे अरबपति इनके सामने बौने
दुनिया के दूसरे अन्य अरबपति आज इनकी दौलत के सामने बौने हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में दूसरे नंबर पर काबिज लैरी पेज का नेटवर्थ मस्क की कुल दौलत के एक तिहाई से भी कम है।
लैरी पेज का नेटवर्थ 297 अरब डॉलर है और मंगलवार को उन्हें भी 2.43 अरब डॉलर का झटका लगा। तीसरे नंबर के रईस सर्गेई ब्रिन को 2.24 अरब डॉलर का झटका लगा और अब उनकी दौलत 276 अरब डॉलर रह गई है। वहीं, जेफ बेजोस की संपत्ति 1.14 अरब डॉलर बढ़कर 257 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
5वें नंबर पर माइकल डेल हैं। इनके पास 223 अरब डॉलर की संपत्ति है। मंगलवार को 11.1 अरब डॉलर गंवाकर लैरी एलिसन 219 अरब डॉलर के साथ छठे नंबर पर खिसक गए हैं। जुकरबर्ग 200 अरब डॉलर के साथ 7वें और जेनसेन हुआंग 166 अरब डॉलर के साथ 8वें स्थान पर हैं। उनको भी 7.05 अरब डॉलर का तगड़ा झटका लगा है।
स्विट्जरलैंड और ताइवान की जीडीपी से पिछड़े
एलन मस्क चंद दिनों पहले ही स्विट्जरलैंड और ताइवान से अधिक अमीर हो गए थे। मस्क का नेटवर्थ इन देशों की जीडीपी से अधिक हो गया था। हालांकि, वह अब भी आयरलैंड (779.38 अरब डॉलर), बेल्जियम (776.73 अरब डॉलर), स्वीडन (760.48 अरब डॉलर), इजरायल (719.85 अरब डॉलर), अर्जेंटीना (688.38 अरब डॉलर) जैसे देशों से भी अमीर हैं। उनका कुल नेटवर्थ इन देशों की जीडीपी से भी अधिक है।
दक्षिण अफ्रीका से दुनिया का सबसे अमीर इंसान बनने तक का सफर
1971 में दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में जन्मे मस्क ने 10 साल की उम्र में अपना पहला कंप्यूटर खरीदा था। 12 साल की उम्र में उन्होंने “Blastar” नाम का वीडियो गेम बनाया और बेच दिया। इसके बाद Zip2, X.com, PayPal, SpaceX, Tesla, SolarCity और xAI जैसी कंपनियों के जरिए उन्होंने तकनीक, ऊर्जा, पेमेंट और अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत