डेस्क : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में कोकीन जब्त की है। इस कार्रवाई में कुल 349 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
एनसीबी द्वारा लंबे समय से की जा रही गुप्त निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई अंजाम दी गई। एजेंसी ने मुंबई महानगर क्षेत्र के विभिन्न गोदामों पर एक साथ छापेमारी की, जहां से यह बड़ी खेप बरामद हुई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह कोकीन बेहद सुनियोजित तरीके से देश में लाया गया था। तस्करों ने इसे क्रिकेट खेल से जुड़े सामान, मशीनरी और अन्य वस्तुओं में छिपाकर भारत तक पहुंचाने की कोशिश की, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
एनसीबी अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क एक संगठित अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का हिस्सा है, जो लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सिस्टम का उपयोग कर भारत सहित कई देशों में नशे का कारोबार फैला रहा था। इस रैकेट में कई देशों के तस्करों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल इस मामले में कई लोगों से पूछताछ जारी है और एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इस बड़ी सफलता को सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के नेटवर्क पर एक गंभीर चोट पहुंची है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
