डेस्क : ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित एक सरकारी आवासीय विद्यालय में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए, जबकि एक छात्र की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना रसगोविंदपुर ब्लॉक के एक आश्रम स्कूल की है। बताया जा रहा है कि छात्रों ने भोजन करने के कुछ समय बाद ही उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू कर दी। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हो गए, जिससे स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
बीमार छात्रों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत वाले कुछ छात्रों को बेहतर इलाज के लिए अन्य चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। प्रारंभिक तौर पर मामले को फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद स्कूल में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही रसोई और पानी की व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं, प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

