स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 170 रन बनाए और इसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई।
यह महिला टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत है। साथ ही, यह पहला अवसर है जब भारत ने पाकिस्तान को महिला टी20 विश्व कप में 50 से अधिक रन के अंतर से हराया है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने शुरुआती दो विकेट मात्र 18 रन पर गंवा दिए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार 68 रन की पारी खेली। उन्होंने 44 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 17 गेंदों पर 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने पावरप्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी लगातार दबाव में आती गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने पाकिस्तान की उम्मीदों को पूरी तरह समाप्त कर दिया। दीप्ति को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। श्री चरणी ने भी तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। पाकिस्तान की आधी टीम 77 रन तक पवेलियन लौट चुकी थी और पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है और नेट रन रेट के मामले में भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। वहीं पाकिस्तान को अपने पहले मुकाबले में निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
