डेस्क : पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमले की घटनाओं में एक और खौफनाक वारदात सामने आई है। तरनतारन जिले से पार्टी के सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला फतेहाबाद क्षेत्र के एक फार्म हाउस में हुआ, जहां वे एक शादी समारोह में शामिल हुए थे।
सूत्रों के अनुसार, चार अज्ञात हमलावरों ने अचानक हरपिंदर सिंह और उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। हरपिंदर सिंह को पेट और सिर में चार गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जर्मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई।
डांस के दौरान हमला
फार्म हाउस में हरपिंदर सिंह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ स्टेज पर डांस कर रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा किया, लेकिन उन्हें भी गोली लगी। पुलिस के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी तरह से रेकी कर चुके थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, फार्म हाउस के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पंजाब में दहशत का माहौल
यह वारदात 6 फरवरी को हुई घटनाओं की याद दिलाती है, जब तरनतारन के गांव चीमा खुर्द में आम आदमी पार्टी के सरपंच गुरभेज सिंह को पूर्व सरपंच शरनजीत सिंह और उनके साथियों ने तेजधार हथियारों से मार डाला था। उसी दिन जालंधर में गुरुद्वारा साहिब के पास पार्टी के नेता लक्की ओबराॅय की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
महज 12 दिनों में आम आदमी पार्टी के तीन नेताओं की हत्या से पूरे पंजाब में डर और दहशत का माहौल है। विपक्षी पार्टियां इसे पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था में विफलता बताकर घेर रही हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
