स्पोर्ट्स डेस्क – मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया। पंत विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। इस खास उपलब्धि के साथ उन्होंने खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक और मील का पत्थर छू लिया है।
पंत ने इंग्लैंड की ज़मीन पर अब तक 1018* रन बना लिए हैं, जो किसी भी विकेटकीपर द्वारा विदेशी धरती पर बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 879 रन बनाए थे। इस सूची में भारत के ही महेंद्र सिंह धोनी (778 रन) और ऑस्ट्रेलिया के रॉड मार्श (773 रन) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
विदेशी धरती पर विकेटकीपरों द्वारा सर्वाधिक टेस्ट रन:
- 1018 – ऋषभ पंत (इंग्लैंड में)*
- 879 – ऋषभ पंत (ऑस्ट्रेलिया में)
- 778 – एमएस धोनी (इंग्लैंड में)
- 773 – रॉड मार्श (इंग्लैंड में)
- 717 – एंडी फ्लावर (भारत में)
हालांकि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही एक चिंता की लकीर भी खिंच गई, जब पंत अपने 37 रन के स्कोर पर चोटिल हो गए। उन्होंने क्रिस वॉक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन चूक गए और गेंद सीधा उनके पैर पर लगी। इंग्लैंड ने LBW की अपील की जिसे अंपायर ने खारिज कर दिया। DRS के बाद भी फैसला भारत के पक्ष में रहा, मगर पंत दर्द से कराहते हुए मैदान से बाहर ले जाए गए। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मिनी एंबुलेंस से बाहर ले जाना पड़ा।
भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए। यशस्वी जायसवाल (58) और केएल राहुल (46) ने पारी की शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। राहुल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन (61) ने अर्धशतक जड़कर टीम को मज़बूती दी। हालांकि दूसरे सत्र के अंत में भारत ने कुछ अहम विकेट गंवा दिए।
तीसरे सत्र में भारत ने 3.7 की रनरेट से 115 रन जोड़े और केवल एक विकेट गंवाया। दिन का खेल खत्म होने तक रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर क्रीज़ पर मौजूद थे। ऋषभ पंत की चोट ने टीम के लिए चिंता जरूर बढ़ाई है, लेकिन उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय क्रिकेट को एक और गौरवशाली पल दे दिया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

