नई दिल्ली:उद्योगपति नवीन जिंदल के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर कांग्रेस ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधा है। जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि जब आपको एक विशाल आकार की वॉशिंग मशीन की जरूरत होती है तो यही होता है। जिंदल के भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, ‘जब आपको एक विशाल आकार की वॉशिंग मशीन की आवश्यकता होती है, तो यह तो होना ही था। पिछले 10 वर्षों में पार्टी में 0 योगदान देने के बाद यह कहना कि मैं इससे इस्तीफा दे रहा हूं, एक बड़ा मजाक है।’
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘प्रधानमंत्री कांग्रेस मुक्त भारत चाहते थे। इसके बजाय उन्होंने भ्रष्ट कांग्रेसियों को अपनी शरण में लेने के लिए मजबूर करने के लिए ED और CBI के साथ-साथ कई वॉशिंग मशीनें तैनात करके एक भ्रष्टाचारी मुक्त कांग्रेस बनाई है!’ जिंदल ने कांग्रेस सांसद के रूप में 2004-14 तक लोकसभा में कुरूक्षेत्र सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने भाजपा में शामिल होने से ठीक पहले एक्स पर कांग्रेस से इस्तीफा देने की घोषणा की।
नवीन जिंदल को हरियाणा की कुरूक्षेत्र सीट से BJP का टिकट
नवीन जिंदल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को टैग करके पोस्ट किया, ‘मैंने 10 वर्षों तक कुरूक्षेत्र से सांसद के रूप में संसद में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व किया। मैं कांग्रेस नेतृत्व और तत्कालीन प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को धन्यवाद देता हूं। आज मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।’ बता दें कि रविवार को भाजपा में शामिल हुए नवीन जिंदल को हरियाणा की कुरूक्षेत्र सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी की ओर से अपने उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट रविवार देर शाम जारी हुई जिसमें कुल 111 लोगों के नाम शामिल थे। इस तरह भाजपा अब तक 400 से अधिक प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
