डेस्क : भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं और उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने एक वीडियो संदेश जारी कर राहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में कहा था कि मोदी सरकार एक वर्ष के भीतर गिर जाएगी। पात्रा ने इसे “गंभीर राजनीतिक साजिश” बताते हुए कहा कि इस बयान से विपक्ष की मंशा उजागर हो गई है।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दंगे भड़काने और अराजकता के जरिए सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी “विदेशी एजेंडे” को आगे बढ़ा रहे हैं और इसके पीछे जॉर्ज सोरोस जैसे व्यक्तियों तथा विदेशी फंडिंग से जुड़ी संस्थाओं का प्रभाव बताया।
भाजपा नेता ने कहा कि भारत की जनता पूरी तरह जागरूक है और किसी भी तरह के उकसावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने पहले भी चुनावों में यह स्पष्ट कर दिया है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा रखती है। पात्रा ने कहा कि भारत में संविधान और लोकतंत्र मजबूत हैं और किसी भी प्रकार की “साजिश” सफल नहीं हो सकती।
उन्होंने आगे कहा कि भारत कई वैश्विक संघर्षों के बीच भी स्थिरता और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक जनता का समर्थन सरकार के साथ है, सरकार देश की सेवा करती रहेगी।
उधर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय वैचारिक दिवालियापन के दौर से गुजर रही है और जनता ने उसे पूरी तरह खारिज कर दिया है।
मुरादाबाद में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक हताशा के कारण इस तरह के बयान दे रहे हैं।
बृजेश पाठक ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक भाषा और व्यवहार पर आत्ममंथन करने की जरूरत है, क्योंकि जनता अब उनके कथनों पर विश्वास करने को तैयार नहीं है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
