डेस्क : झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े एक प्रशिक्षण परिसर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात युवकों ने देर शाम परिसर के मुख्य द्वार पर लगे बैनर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंका। इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय परिसर में संघ का प्रशिक्षण वर्ग संचालित हो रहा था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयंसेवक भाग ले रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नियमित गश्त भी बढ़ा दी गई है।
संघ पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की मंशा और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत