डेस्क : सनी देओल स्टारर बॉर्डर 2 रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच धूम मचा रही है। फिल्म को न सिर्फ जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी यह मजबूत पकड़ बनाए हुए है। इसी बीच सनी देओल की बहन और अभिनेत्री ईशा देओल ने फिल्म को लेकर अपना रिव्यू शेयर किया है और दर्शकों से इसे जरूर देखने की अपील की है।
ईशा देओल ने दिया फिल्म को समर्थन
ईशा देओल ने भाई सनी देओल और बहन अहाना देओल के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “हैप्पी रिपब्लिक डे। यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि पापा को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा। बॉर्डर 2 अपने परिवार और दोस्तों के साथ जरूर देखें। हमने यह फिल्म कल रात देखी। सनी देओल, आप बेस्ट हैं। अहान शेट्टी, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और निधि दत्ता—सबने शानदार काम किया है। आप सभी को सलाम।”
स्पेशल स्क्रीनिंग में साथ दिखे देओल सिब्लिंग्स
रविवार शाम फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी, जिसमें ईशा देओल और अहाना देओल अपने भाई सनी देओल का हौसला बढ़ाने पहुंचीं। इस मौके पर तीनों भाई-बहन पैपराजी के सामने एक साथ पोज देते नजर आए। फैंस के लिए यह पल खास रहा, क्योंकि धर्मेंद्र के निधन के बाद यह पहला मौका था जब देओल परिवार के तीनों सदस्य सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई दिए।
सनी के लिए हमेशा खड़ी रहती हैं ईशा
ईशा देओल हमेशा अपने भाई सनी देओल का समर्थन करती आई हैं। इससे पहले साल 2023 में गदर 2 की रिलीज के दौरान भी ईशा ने फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी थी, जिसमें सनी देओल, बॉबी देओल समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए थे।
बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
बॉर्डर 2 के कलेक्शन की बात करें तो फिल्म अब तक भारत में 121 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसका निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, निधि दत्ता और जे.पी. दत्ता फिल्म के निर्माता हैं।
गौरतलब है कि बॉर्डर 2, साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है। इस दूसरे पार्ट में केवल सनी देओल ही पहले भाग से जुड़े कलाकार के रूप में नजर आ रहे हैं। वहीं सुनील शेट्टी और अक्षय खन्ना की फिल्म में सिर्फ एक छोटी सी झलक दिखाई गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

