डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबरीमाला मंदिर से कथित सोना चोरी के मामले को लेकर केरल की जनता से बड़ा राजनीतिक वादा किया है। शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो इस मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री ने इसे “मोदी की गारंटी” बताया।
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाने के बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की भगवान अयप्पा में अटूट आस्था है, लेकिन एलडीएफ सरकार ने सबरीमाला की परंपराओं को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मंदिर परिसर से सोना चोरी होने की गंभीर खबरें सामने आ रही हैं। पीएम मोदी ने कहा, “भगवान के ठीक समीप से सोना गायब होने की बातें सामने आई हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि जैसे ही केरल में भाजपा की सरकार बनेगी, इन आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच होगी और दोषियों की जगह जेल में होगी।”
सबरीमाला मुद्दे पर तेज हुई सियासत
प्रधानमंत्री का यह बयान उस समय आया है, जब सबरीमाला सोना चोरी का मामला केरल की राजनीति में बड़ा विवाद बन चुका है। आरोप है कि मंदिर के गर्भगृह के दरवाजे के फ्रेम और रक्षक मूर्तियों पर लगी सोने की प्लेटों में गबन हुआ है। इस मामले की जांच फिलहाल केरल पुलिस की विशेष जांच टीम कर रही है, जिसे राज्य उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित किया गया है।
पीएम मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ दोनों पर तिरुवनंतपुरम की लंबे समय से उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि दशकों तक इन दलों के शासन में शहर बुनियादी सुविधाओं और आधुनिक अवसंरचना से वंचित रहा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा ने तिरुवनंतपुरम के विकास के लिए ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा, “भरोसा रखें, जिस बदलाव का आप लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वह अब दूर नहीं है।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

