डेस्क:कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर कस्बे में एक 30 वर्षीय दलित महिला की सरेआम चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्या का आरोप महिला के एक परिचित युवक पर था, जिसका शव बाद में जंगल में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद कस्बे में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ गया और कई हिंदू संगठनों ने रविवार को येल्लापुर बंद का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपन एम. एन. ने बताया कि मृतका की पहचान कलम्मा नगर निवासी रंजीता भानसोड के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रफीक इमामसाब, जो उसी इलाके का रहने वाला था, रंजीता का पुराना परिचित था। दोनों स्कूल के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे।
शादी के दबाव से बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक रफीक रंजीता पर शादी का दबाव बना रहा था। जब रंजीता ने इससे इनकार किया, तो शनिवार दोपहर काम से घर लौटते समय उस पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रंजीता की मौके पर ही मौत हो गई।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस ने बताया कि रंजीता की शादी करीब 12 साल पहले महाराष्ट्र में हुई थी और उनका एक 10 वर्षीय बेटा है। वह पति से अलग होकर येल्लापुर में अपने परिवार के साथ रह रही थी। रंजीता एक सरकारी स्कूल में मध्याह्न भोजन सहायिका के तौर पर कार्यरत थी। आरोपी अक्सर उसके घर भोजन के लिए आता-जाता था, लेकिन शादी के मुद्दे पर विवाद बढ़ने के बाद हालात बिगड़ गए।
विरोध प्रदर्शन और आरोपी का शव बरामद
हत्या के बाद स्थानीय लोगों और हिंदुत्व संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर येल्लापुर थाने के सामने प्रदर्शन किया। इसी बीच रविवार को आरोपी रफीक का शव येल्लापुर के पास जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने कहा कि उसकी मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसकी जांच की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र रंजीता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा और दो एकड़ जमीन देने की मांग की। साथ ही पार्टी की ओर से तत्काल पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
‘लव जिहाद’ को लेकर बयानबाजी
श्री राम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए आरोप लगाया कि अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाया जाता है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने येल्लापुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
विजयेंद्र ने राज्य सरकार और गृह विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण इस तरह की घटनाएं दोहराई जा रही हैं। उन्होंने मामले की गहन जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
गौरतलब है कि ‘लव जिहाद’ शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा उस आरोप के लिए किया जाता है, जिसमें मुस्लिम पुरुषों पर हिंदू महिलाओं को धर्मांतरण के उद्देश्य से प्रेम और विवाह के जाल में फंसाने की साजिश रचने का दावा किया जाता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
