चंडीगढ़। पंजाब के गुरदासपुर के दीनानगर में बीजेपी प्रत्याशी दिनेश बब्बू के समर्थन में रैली करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर खूब हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के शहजादे का हुकम मानने से इनकार किया तो उन्हें सीएम पद से हटा दिया गया। इसी तरह अब की सरकार भी दिल्ली से चलती है। कांग्रेस के शहजादे विदेश में जाकर देश को बदनाम करते हैं। इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि पाकिस्तान के पास एटम बम है, क्या किसी को इस बात से डर लगता है। कांग्रेस वाले कांप रहे हैं। ये देश नहीं चला सकते। ये कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो। ये भूल गए हैं कि ये नया भारत है, ये घर में घुसकर मारता है।
इंडी गठबंधन वाले देश के लिए खतरा
पीएम मोदी ने सवाल उठाते हुए कहा कि झाडू़ और पंजे वालों ने जनता को मूर्ख बनाया है। ये दिल्ली में एक-दूसरे के लिए वोट मांगते हैं और पंजाब में एक-दूसरे को गाली देते हैं। इंडी गठबंधन वाले देश के लिए खतरा, ये पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं।
विनोद खन्ना को याद किया
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र रक्षा हो, आस्था और संस्कृति की रक्षा हो या फिर देश का विकास, पंजाब ने, सिख समाज ने हमेशा आगे बढ़कर काम किया है।पंजाब के लोगों से मैं आग्रह करता हूं कि आप भाजपा को वोट दें। मैं पांच साल आपके सपनों को पूरा करने में लगा दूंगा। उन्होंने गुरदासपुर के पूर्व भाजपा सांसद विनोद खन्ना को याद किया और कहा कि विनोद खन्ना ने गुरदासपुर के लिए काफी काम किया।
दीनानगर में हो रही चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने जा रहे किसान नेताओं और महिलाओं को शहर के बब्बरी बाइपास पर पुलिस और अर्ध सैनिक बलों द्वारा रोक दिया गया। इसके बाद किसानों ने वहां पर धरना देकर केंद्र सरकार के प्रति अपनी भड़ास निकाली। किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसान विरोधी फैसले लिए है। सरकार ने दिल्ली आंदोलन रद्द करते समय हर फसल का कम से कम समर्थन मूल्य देने, उस पर किसानों की संगठनों के प्रतिनिधियों पर आधारित कमेटी बनाने, लखीमपुर खीरी के शहीदों को इंसाफ दिलाने, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा को गिरफ्तार करने का वादा किया गया था, मगर कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया।
वहीं, गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस ने किसानों को रोक लिया और हिरासत में ले लिया। जिसके चलते किसानों ने रेलवे स्टेशन पर ही धरना शुरू कर दिया। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे से पहले किसान संगठनों ने अहलोवाल गांव के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। भारी पुलिस फोर्स ने किसानों को रोका। किसान नकोदर-जालंधर हाईवे को जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
