डेस्क : बिहार के अररिया जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। फारबिसगंज के सुभाष चौक स्थित मार्केटिंग यार्ड के समीप मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जब एक सत्तू विक्रेता ने पिकअप चालक की बेरहमी से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे किसी बात को लेकर पिकअप चालक अली हुसैन (42 वर्ष), निवासी अमोना गांव, जोगबनी थाना क्षेत्र और सत्तू विक्रेता रवि चौहान (30 वर्ष), निवासी सुल्तान पोखर, फारबिसगंज के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पहले मजाक से शुरू हुई बातचीत अचानक बहस में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर रवि चौहान ने धारदार हथियार से अली हुसैन का सिर धड़ से अलग कर दिया।
घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक शव और कटा हुआ सिर पड़ा रहा, जिसे देख आसपास के लोग सिहर उठे। इस जघन्य हत्या से इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई।
वारदात से आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर जब लोगों को रवि चौहान के एक घर में छिपे होने का पता चला, तो भीड़ ने उसे बाहर खींच लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए उसकी लात-घूंसे और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
इस डबल मर्डर की घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी और तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस इलाके में कैंप कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

