जयपुर : निर्माण नगर स्थित महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल में विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर विश्व शांति और सद्भावना के लिए एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाप्रज्ञ सभागार में आयोजित इस विशेष जप-अनुष्ठान में हजारों छात्र-छात्राओं के साथ सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम मुनि श्री तत्त्व रुचि जी “तरुण” एवं मुनि श्री संभव कुमार जी के सान्निध्य में संपन्न हुआ। संतों के पावन मार्गदर्शन में उपस्थित जनसमूह ने नमस्कार महामंत्र का सामूहिक जप कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर संतों ने अपने संदेश में कहा कि नमस्कार महामंत्र किसी व्यक्ति विशेष को नहीं, बल्कि गुणों को नमन करने का मंत्र है। इसमें सभी धर्मों और सम्प्रदायों के महान साधकों एवं पवित्र आत्माओं का समावेश होता है, जिन्होंने राग-द्वेष, मोह-माया, काम-क्रोध पर विजय प्राप्त की है या उस दिशा में अग्रसर हैं। यह मंत्र त्याग, संयम और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाली आत्माओं के प्रति श्रद्धा प्रकट करता है, इसलिए इसे सर्वमान्य और असाम्प्रदायिक मंत्र माना गया है।
मुनि श्री तत्त्व रुचि जी ने कहा कि नवकार महामंत्र कामना पूर्ति का साधन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि का मार्ग है। श्रद्धा और विश्वास के साथ इसका स्मरण करने से यह विश्व शांति की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुनि श्री संभव कुमार जी ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विश्व में शांति, सद्भावना और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया तथा सभी से “विश्व में शांति हो, सबमें सद्भावना हो” का सामूहिक उद्घोष करवाया।
कार्यक्रम के पश्चात संबोधि हाल में प्रवचन का आयोजन हुआ, जिसमें मुनि श्री ने करुणा, मैत्री, प्रेम और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इन मानवीय गुणों का प्रसार अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रश्मि परयानी ने संतों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विकास खत्री, चन्द्रकंवर शेखावत, सुमन जी, सुमित्रा जी, हर्षित बोथरा, रतन जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक साधना का केंद्र बना, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रसार का एक प्रेरणादायी संदेश भी दे गया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

