डेस्क : बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए बुधवार को अपना ऑफिस बंद कर दिया। ढाका के जमुना फ्यूचर पार्क (जेएफपी) में स्थित आईवीएसी राजधानी में सभी भारतीय वीजा सेवाओं के लिए मुख्य एवं एकीकृत केंद्र है। आईवीएसी ने एक बयान में कहाकि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि आईवीएसी जेएफपी ढाका आज अपराह्न दो बजे बंद कर दिया जाएगा।
आईवीएसी ने कहाकि बुधवार को आवेदन जमा करने के लिए निर्धारित ‘अपॉइंटमेंट स्लॉट’ वाले सभी आवेदकों के ‘अपॉइंटमेंट’ बाद की तारीख के लिए पुनर्निर्धारित किए जाएंगे। इससे पहले दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह को तलब किया और कुछ चरमपंथी तत्वों द्वारा ढाका स्थित भारतीय मिशन के आसपास सुरक्षा संकट पैदा करने की साजिश के ऐलान को लेकर अपनी गंभीर चिंता जताई।
विदेश मंत्रालय ने कहाकि हम अंतरिम सरकार से अपेक्षा करते हैं कि वह बांग्लादेश में स्थित मिशन और कार्यालयों की अपने कूटनीतिक दायित्वों के अनुरूप सुरक्षा सुनिश्चित करे। बयान में कहा गया कि उच्चायुक्त को बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को लेकर भारत की गंभीर चिंताओं से अवगत कराया गया।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह भी कहा कि बांग्लादेश में हाल की कुछ घटनाओं को लेकर चरमपंथी तत्वों द्वारा गढ़ी जा रही झूठी कहानी को भारत पूरी तरह खारिज करता है। हमीदुल्ला को तलब किए जाने के तुरंत बाद विदेश मंत्रालय ने कहाकि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंतरिम सरकार ने न तो इन घटनाओं की गहन जांच की है और न ही इनके संबंध में भारत के साथ कोई ठोस सबूत साझा किए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहाकि उच्चायुक्त हमीदुल्ला को बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को लेकर भारत की गंभीर चिंताओं से अवगत कराया गया।
बता दें कि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने तीन दिन पहले ढाका में भारतीय राजदूत प्रणय वर्मा को तलब किया और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा भारतीय धरती से दिए गए ‘भड़काऊ’ बयानों पर चिंता व्यक्त की। भारत ने स्पष्ट किया कि उसने कभी भी अपनी धरती का इस्तेमाल बांग्लादेश के हितों के प्रतिकूल गतिविधियों के लिए नहीं होने दिया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत